जुझार जी महाराज की मूर्ति दूसरी बार खंडित, तेली समाज में आक्रोश, 5 महीने में दोबारा घटना, पुलिस जुटी जांच में

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा । स्मार्ट हलचल।असामाजिक तत्वों की दुस्साहस भरी करतूतों से भीलवाड़ा का माहौल गरमा गया है। प्रताप नगर स्कूल ग्राउंड स्थित तेली समाज के प्राचीन जुझार जी के पवित्र स्थान पर रविवार सुबह जुझार जी की मूर्ति फिर से असामाजिक तत्वों द्वारा खंडित कर दी गई। महज 5 महीने के भीतर लगातार दूसरी बार हुई इस घिनौनी घटना से तेली समाज और हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया है।

 

घटना की खबर आग की तरह फैलते ही तेली समाज के लोग, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौके पर जमा हो गए। लोगों का गुस्सा इस बात पर फूट पड़ा कि 5 महीने पहले भी इसी मूर्ति को खंडित किया गया था, जिसकी बाकायदा पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। लेकिन पुलिस की नाकामी और सुस्त रवैये के चलते आज तक दोषियों को पकड़ा नहीं जा सका। पुलिस की इसी ढिलाई के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हो गए और उन्होंने दोबारा इस वारदात को अंजाम दे डाला!

 

तेली समाज के लोगों ने बताया कि प्रताप नगर स्कूल ग्राउंड में वर्षों पहले चबूतरा बनाकर जुझार जी की स्थापना की गई थी, जहां समाज के लोग पूजा-अर्चना करते हैं। रविवार सुबह जब श्रद्धालु पूजा करने पहुंचे, तो वहां जुझार जी की मूर्ति टूटी पड़ी मिली। यह नजारा देखते ही समाज के लोगों में आक्रोश पैदा हो गया।

 

सूचना मिलते ही प्रताप नगर थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई। समाज के प्रतिनिधियों और हिंदू संगठनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपनी सख्त नाराजगी जाहिर की और असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल और कठोरतम कार्रवाई की मांग की।

 

घटना की सूचना पर वार्ड नंबर 19 के निर्दलीय पार्षद शिवराज गुर्जर भी मौके पर पहुंचे और भविष्य में इस स्थान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तुरंत सीसीटीवी कैमरे लगवाने का आश्वासन दिया।

 

मौके पर विश्व हिंदू परिषद के सह संगठन मंत्री सुशील सुवालका, तेली समाज के रमेश तेली, रतन तेली, जगदीश तेली, भैरू तेली सहित बड़ी संख्या में आक्रोशित लोग मौजूद रहे। समाज के लोगों ने साफ चेतावनी दी है कि इस बार केवल मुकदमा दर्ज करने से काम नहीं चलेगा, दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी कर उन पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

 

महानगर सह मंत्री, विश्व हिंदू परिषद के सुशील कुमार सुवालका ने बताया कि भीलवाड़ा शहर में ना जाने क्या हो चुका है यह। आए दिन हम लोग मूर्ति तोड़ने जैसी घटनाएं, केवल हिंदू समाज के लिए ऐसी घटनाएं हम देखते आ रहे हैं। इसी क्रम में आज से पूर्व 5 महीने पूर्व, आज दिनांक 27 सितंबर 2023 से 5 महीने पूर्व जहां पर प्रतापनगर स्कूल में स्थित जुझार जी बावजी, तेली समाज का जो जुझार जी बावजी की स्थापना है, वहां पर जुझार जी बावजी की मूर्ति को पहले भी खंडित करके, तोड़ के, टुकड़े-टुकड़े करके डाल के जा चुके हैं विधर्मी, असामाजिक तत्व। ऐसे लोगों को आज तक, पिछले 5 महीने से आज तक नहीं पकड़ा गया है और आज फिर से यह घटना दोहराई गई है।

हमें पता चलने पर हम लोग यहां एकत्र हुए, समाज जन एकत्र हुए। समाज में पर्याप्त रूप में रोष व्याप्त है और समाज के सभी लोग आज शाम को बैठक करके कल सुबह कलेक्ट्रेट में एसपी साहब को और माननीय कलेक्टर साहब को ज्ञापन देने की रचना बनाने जा रहे हैं। इसके साथ विश्व हिंदू परिषद महानगर भीलवाड़ा की संपूर्ण टीम साथ में लग के और तेली साहू समाज को पूरा एक तरह से सहयोग करेगी और इस प्रकार के कृत्य दोबारा ना हों उस पर प्रशासन से मदद की गुहार करेगी कि आप कम से कम अपराधियों को, इस प्रकार की जो घटना घटित कर रहे हैं, उनको जल्द से जल्द पकड़ें और जा- क- ज्यादा से ज्यादा दंड उनको दें।

 

 

प्रताप नगर थाना प्रभारी सुनील टाडा ने बताया कि आज तेली समाज द्वारा एक अवगत कराया गया कि उनका जो झुंझार जी का चबूतरा है, उसके ऊपर उसकी पूजा करते हैं, वहां पे किसी ने आके अह पिछले विगत दिनों में मूर्ति को खंडित कर दिया है। जिसके संबंध में उनके द्वारा रिपोर्ट लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है और इस संबंध में यहां पर स्थानीय पार्षद व अन्य लोगों से जनसहयोग से मिला के यहां पे एक स्थाई सोलर कैमरा लगाने की भी व्यवस्था की जा रही है जिससे इस प्रकार की घटनाएं दोबारा ना हों और अभी हुई घटना के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी प्राप्त कर कार्रवाई जारी है।”