सुरेश चंद्र मेघवंशी
माण्डल । माण्डल थाना क्षेत्र के काशीराम जी की खेड़ी गांव में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। पीड़ित सोहन लाल कुमावत पुत्र डाल कुमावत (70) निवासी काशीराम जी की खेड़ी ने माण्डल थाने में रिपोर्ट देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लेकिन मांडल थाना पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने के कारण परिवार आज भी सदमे में है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 जून 2026 को सुबह करीब 8 से 10 बजे के बीच परिवार के सभी सदस्य खेत पर गए हुए थे। घर पर अकेली मौजूद पुत्री बाली भी पशुओं को बाहर छोड़ने के लिए गई थी और घर के अंदर-बाहर ताले लगाकर गई थी। वापस लौटने पर उसने देखा कि कमरे का ताला खुला हुआ है तथा घर का सामान बिखरा पड़ा है। एक पेटी का ताला टूटा हुआ मिला।
पीड़ित के अनुसार पेटी में रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं कपड़े चोरी हो गए। चोरी हुए सामान में करीब दो तोला वजनी सोने के रामनवमी मांडलिये, पौने तोला का सोने का मंगलसूत्र, सवा किलो चांदी की करंगती तथा आधा किलो वजनी चांदी के कड़े शामिल हैं। इसके अलावा पेटी में रखे कपड़े भी गायब मिले।
जांच के दौरान मकान की दीवार के पास ईंटें जमा मिलीं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोर पड़ोसी मकान की दीवार के सहारे घर में घुसे। प्रार्थी ने रिपोर्ट में बताया कि घर की चाबी जहां रखी जाती थी, उसकी जानकारी आसपास के लोगों को भी थी, जिसके चलते चोरी की घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका है।
पीड़ित ने पुलिस से मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की पहचान वह चोरी गए जेवरात एवं सामान की बरामदगी तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। लेकिन 1 सप्ताह बाद भी पुलिस को सफलता नहीं मिल पाई। मांडल थाना पुलिस की लापरवाही के चलते चोरों के हौसले बुलंद है और परिवार के लोग सदमे में जीने को मजबूर है ।
