101 पौधे लगाने के संकल्प के साथ हरियाली संरक्षण की अनूठी पहल, वृक्षों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी ली
कोटा।स्मार्ट हलचल|पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने की दिशा में जेसीआई कोटा अचीवर्स ने ‘अचीवर्स की वाटिका’ की स्थापना कर शहर को नया ऑक्सीज़ोन देने की पहल की। लव-कुश वाटिका में आयोजित वृक्षारोपण अभियान के तहत 101 पौधे लगाने का संकल्प लिया गया, जिसमें सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।जेसीआई कोटा अचीवर्स के अध्यक्ष अक्षत बाबरिया जैन ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें विकसित होकर वृक्ष बनने तक उनका संरक्षण सुनिश्चित करना भी है।क्लब की कोषाध्यक्ष राशि ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत लगाए गए सभी पौधों की देखरेख और उनके वृक्ष बनने तक की संपूर्ण जिम्मेदारी ग्रीन आर्मी ने अपने हाथों में ली है। इससे अभियान केवल औपचारिक पौधारोपण न रहकर दीर्घकालिक पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी प्रयास बनेगा।
प्रोजेक्ट डायरेक्टर अंचल विजयवर्गीय ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आरएसएस के कमांडेंट पवन जैन रहे। वहीं एसएसआई से मनोज राठी एवं आशुतोष जैन तथा ग्रीन आर्मी की संस्थापक मंजू जैन की गरिमामयी उपस्थिति ने अभियान को विशेष बनाया।
वृक्षारोपण अभियान में क्लब सदस्यों और पर्यावरण प्रेमियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल बनाया। वक्ताओं ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प दोहराते हुए इसे स्वच्छ, हरित और स्वस्थ कोटा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
