हमीरगढ़(अल्लाउद्दीन मंसुरी) RCM फैक्ट्री से जा रहे बाइक सवार तीन श्रमिकों की बाइक ओवरटेक करने के दौरान आगे चल रही कार के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक घायल हो गए। दुर्घटना हमीरगढ़ थाना क्षेत्र में ग्रीन प्लाजा होटल के पास हुई। जानकारी के अनुसार, अजमेर से आरपीएससी का पेपर जमा करवाकर चित्तौड़गढ़ जा रहे एक वाहन के पीछे बाइक सवार श्रमिक चल रहे थे। बताया जा रहा है कि बाइक सवारों ने आगे चल रही कार को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर कार के पिछले हिस्से से जोरदार टकरा गई। टक्कर के बाद तेज धमाका हुआ और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में बाइक सवार कालू रेगर (30) निवासी जयसिंहपुरा, नितिन शाह निवासी बारा तथा सत्यप्रकाश (22) घायल हो गए। दुर्घटना के समय आरपीएससी का पेपर जमा करवाने वाले वाहन में सरकारी शिक्षक, चित्तौड़गढ़ कलेक्ट्रेट के कर्मचारी और पुलिस जवान मौजूद बताए जा रहे हैं। वाहन को चित्तौड़गढ़ पुलिस की गाड़ी एस्कॉर्ट कर रही थी।
हादसे के बाद पुलिस जवानों ने दोनों वाहनों से घायलों को तत्काल हमीरगढ़ उप जिला अस्पताल पहुंचाया और उनके परिजनों को सूचना दी। एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया। गनीमत रही कि हादसे में बड़ा नुकसान होने से टल गया। हमीरगढ़ थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
