शहरी सेवा शिविर 2026 का शुभारंभ विधायक ने आमजन कों दी योजनाओं की जानकारी

कुमार अंकेश

बानसूर|स्मार्ट हलचल।राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को नारायणपुर नगरपालिका परिसर में शहरी सेवा शिविर 2026 का क्षेत्रीय विधायक देवीसिंह शेखावत ने शुभारंभ किया। विधायक शेखावत ने कहा कि राज्य सरकार आम लोगों को घर के निकट ही सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल रहा है, जिससे लोगों का समय और धन दोनों की बचत हो रही है। उन्होंने आमजन से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधि समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को शिविर में आने वाले लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश भी दिए। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर लोगों को योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित कार्यों का निस्तारण किया गया। इस दौरान उपखंड अधिकारी दिनेश शर्मा, नगरपालिका ईओं विशाल यादव सहित संबंधित अधिकारी व ग्रामीण मौजूद रहें।