खोहरी गांव में लेपर्ड का हमला, बछड़े का शिकार,ग्रामीणों में दहशत

कुमार अंकेश

बानसूर|स्मार्ट हलचल।क्षेत्र के खोहरी गांव में सोमवार रात लेपर्ड ने एक गाय के बछड़े का शिकार कर लिया, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। मंगलवार सुबह पशुपालक और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो बछड़ा मृत अवस्था में मिला। घटनास्थल के आसपास लेपर्ड के पगमार्क मिलने से उसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और वन विभाग को मामले की जानकारी दी। वन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया तथा ग्रामीणों को रात के समय सतर्क रहने और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर बांधने की सलाह दी। ग्रामीणों ने क्षेत्र में वन विभाग की नियमित गश्त बढ़ाने, लेपर्ड की निगरानी करने और पीड़ित किसान को हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।