भीलवाड़ा । माण्डल ग्राम पंचायत में कथित भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग को लेकर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत माण्डल के तत्कालीन सरपंच/प्रशासक एवं ग्राम विकास अधिकारी पर पट्टों के आवंटन में नियम विरुद्ध कार्य करने तथा राजकोष को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पट्टों से संबंधित विवाद की जांच के लिए बनी समिति अपनी रिपोर्ट जिला परिषद कार्यालय को सौंप चुकी है, जिसमें संबंधित अधिकारियों को नियम विरुद्ध कार्य करने का दोषी बताया गया है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि पिछले छह वर्षों में ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्यों की भौतिक जांच कराई जाए तो कई अनियमितताएं सामने आ सकती हैं। ग्रामीणों ने केंद्र सरकार, राज्य सरकार, सांसद एवं विधायक कोष सहित विभिन्न योजनाओं के तहत हुए खर्च की जांच की मांग की है। साथ ही साफ-सफाई व्यवस्था, नालियों और सड़कों की स्थिति पर भी सवाल उठाए गए हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित सरपंच/प्रशासक और ग्राम विकास अधिकारी को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
