मांडल में हाईवे पर दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित वाहन ने 11 भेड़ों को कुचला, किसान को लाखों का नुकसान

सुरेश चन्द्र मेघवंशी

मांडल। नेशनल हाईवे-158 पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में अनियंत्रित वाहन ने सड़क पार कर रहे भेड़ों के झुंड को कुचल दिया। हादसे में 11 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद हाईवे पर बड़ी मात्रा में खून फैल गया और घटनास्थल का दृश्य देखकर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भेड़ों का झुंड हाईवे पार कर रहा था, तभी तेज गति से आए एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई भेड़ों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना में पशुपालक किसान को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। हादसे की सूचना पुलिस को तुरंत दे दी गई, लेकिन करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। दुर्घटना के कारण हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में स्थानीय लोगों ने मृत और घायल भेड़ों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराया।
पुलिस ने घटनास्थल का मौका-मुआयना कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और वाहन चालक की पहचान होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।