बरयेपुर, भैरमपुर समेत कई गांवों का मुख्य मार्ग जर्जर, इंटर कॉलेज और प्राथमिक विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं को हो रही भारी परेशानी
खखरेरू, स्मार्ट हलचल|फतेहपुर धाता विकासखंड के सिहारी पट्टी मजरा मानपुर में करीब 200 से 300 मीटर लंबा संपर्क मार्ग पिछले चार से पांच वर्षों से बदहाल पड़ा है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, उखड़ी गिट्टी और बरसात के दौरान जलभराव होने से राहगीरों का आवागमन मुश्किल हो गया है। कई बार शिकायत के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है।यह संपर्क मार्ग बरयेपुर, भैरमपुर, हकीमपुर, खंतवा, नगदीनपुर और खखरेरू को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है। प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण, किसान, व्यापारी और कर्मचारी इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। इसके अलावा श्री साधूसरण सिंह इंटर कॉलेज, बरयेपुर तथा प्राथमिक विद्यालय मानपुर जाने वाले छात्र-छात्राओं के लिए भी यही मुख्य मार्ग है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में सड़क की हालत और अधिक खराब हो जाती है। गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे आए दिन दोपहिया वाहन चालक और राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले चार-पांच वर्षों से सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग लगातार संबंधित विभाग एवं जनप्रतिनिधियों से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सड़क का निर्माण या मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस दौरान दशरथ सिंह, राजेश सिंह, डॉ. हरिश्चंद्र सिंह, रमेश सिंह, अनिल सिंह, धीरू सिंह, बृजेश कुमार पाल, अजय पाल, गुलाब सिंह, मुन्ना, श्यामलाल पाल (गोली), जगजीत प्रजापति सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
खंड विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि मानपुर-सिहारी पट्टी संपर्क मार्ग को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया है। कार्ययोजना के अनुसार स्वीकृति मिलने के बाद सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।
