अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|लघु उद्योग भारती, ब्यावर शाखा की मासिक बैठक मंगलवार को रीको स्थित संगठन कार्यालय में शाखा अध्यक्ष सचिन नाहर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में क्षेत्र के औद्योगिक विकास, उद्यमियों की विभिन्न समस्याओं, संगठनात्मक गतिविधियों तथा समसामयिक विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बुनियादी सुविधाओं और सड़क निर्माण के लिए बनीं समितियाँ
बैठक के दौरान राधावल्लभ एवं रानी सागर औद्योगिक क्षेत्र में जर्जर सड़कों के निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठा। इस समस्या के त्वरित समाधान हेतु रवि झंवर के संयोजन में एक समिति का गठन किया गया, जिसमें आनंद शर्मा, विजय मेहता, जय आनन्दानी एवं मुरलीधर छीपा को सदस्य नियुक्त किया गया है।
इसी प्रकार काना खेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में रोड लाइट एवं अन्य आधारभूत समस्याओं के निस्तारण के लिए अजय खंडेलवाल, विकास गर्ग, रवि झंवर एवं तरुण माहेश्वरी की समिति बनाई गई। वहीं रीको द्वितीय क्षेत्र में रोड लाइट की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों से शीघ्र वार्ता करने का निर्णय लिया गया।
‘राइजिंग राजस्थान’ के एमओयू और भूमि आवंटन पर चर्चा
बैठक में ‘राइजिंग राजस्थान’ पहल के तहत एमओयू करने वाले उद्यमियों को अब तक भूमि आवंटित न होने के विषय पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। इस संबंध में तय हुआ कि शाखा अध्यक्ष सचिन नाहर जल्द ही जिला कलेक्टर एवं रीको के उच्च अधिकारियों से भेंट करेंगे। साथ ही, इस पूरे प्रकरण की जानकारी संगठन के प्रांतीय व केंद्रीय नेतृत्व को भी दी जाएगी।
पारिवारिक स्नेह मिलन और समसामयिक विषयों पर मंथन
संगठन के छह अनिवार्य प्रकल्पों के अंतर्गत अगस्त या सितंबर माह में ‘पारिवारिक स्नेह मिलन कार्यक्रम’ आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके सफल संचालन के लिए पीयूष हेड़ा को संयोजक तथा दीपक झंवर, सचिन नाहर, विजय मेहता एवं गगन भारद्वाज को समिति सदस्य मनोनीत किया गया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की समन्वय बैठक के निर्देशों के तहत प्रदेश में चर्चा का विषय बने ‘पेपर लीक प्रकरण’ पर भी गंभीर विचार-विमर्श हुआ। प्रांत उपाध्यक्ष अजय खंडेलवाल ने विषय की पृष्ठभूमि रखी, जिस पर वक्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, युवाओं में नैतिक मूल्यों के बीजारोपण तथा परिवार संस्था को और मजबूत बनाने पर बल दिया।
बैठक में शाखा पालक प्रकाश अम्बुरे, प्रांत उपाध्यक्ष अजय खंडेलवाल, शाखा अध्यक्ष सचिन नाहर, सचिव गगन भारद्वाज सहित अनेक पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
