(पंकज पोरवाल)
महापौर-अफसरों ने सुपरवाइजर को लगाई फटकार, वाहन तुरंत वार्डों में भेजने के निर्देश
शहर की सफाई व्यवस्था, आंतरिक संसाधनों के संचालन और विकास कार्यों का लिया जायजा
भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम के दावों की शुक्रवार को उस समय जमीनी हकीकत सामने आ गई, जब औचक निरीक्षण में सफाई के लिए वार्डों में दौड़ने वाले कई ऑटो टिपर निर्धारित समय बीतने के बाद भी गेराज में खड़े मिले। आजाद चौक में सफाई व्यवस्था में भी कमियां सामने आईं। महापौर जसवंत कंवर, उप महापौर राधेश्याम सोमानी और आयुक्त कमल सिंह यादव ने मौके पर नाराजगी जताते हुए कर्मचारियों को व्यवस्थाएं तत्काल सुधारने और वाहनों को वार्डों में भेजने के निर्देश दिए। शहर की सफाई व्यवस्था और निगम के आंतरिक संसाधनों की जमीनी हकीकत देखने के लिए नगर निगम के शीर्ष अधिकारियों ने शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत गेराज शाखा से हुई। इसके बाद अधिकारियों ने मियाचंदजी की बावड़ी के पास स्थित नाले का निरीक्षण किया। क्षेत्र में यातायात और आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़क चौड़ीकरण की जरूरत को देखते हुए नाले को शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए। आजाद चौक क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने पर भी कई कमियां सामने आईं। अधिकारियों ने संबंधित सफाई टीम को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने तथा शहर में बेहतर स्वच्छता बनाए रखने की हिदायत दी। आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सर्किट हाउस के पास नया सार्वजनिक शौचालय बनाने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाए। इधर, ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर नगर निगम परिसर में कार्यक्रम हुआ। महापौर, उप महापौर और आयुक्त ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और स्वच्छता का संदेश दिया।