नवरात्रि अनुष्ठान को लेकर मां दधिमथी मंदिर में सजेगा आस्था का दरबार 11 से 20 अक्टूबर तक होंगे धार्मिक आयोजन

भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर शहर के मां दधिमथी मंदिर आजादंनगर भीलवाड़ा में 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक नवरात्रि अनुष्ठान का भव्य आयोजन किया जाएगा। दस दिवसीय धार्मिक आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं।दीपक शर्मा ने बताया केि नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ मां दधिमथी की आराधना की जाएगी।
आयोजन के तहत प्रतिदिन प्रातः अभिषेक एवं हवन का आयोजन होगा। वहीं रात्रि में भजन एवं पौढ़ावना कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नवरात्रि के इन पावन दिनों में मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहेगा।

18 अक्टूबर को होगी विशेष भजन संध्या

नवरात्रि अनुष्ठान के तहत 18 अक्टूबर को रात्रि 7:30 बजे से विशेष भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें दाधीच समाज के भजन गायक राघव दाधीच, दीपा दाधीच आदि मां दधिमथी के चरणों में भक्तिमय भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। भजन संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
दाधीच समाज न्यास अध्यक्ष हरिप्रकाश कंठ एवं मां दधिमथी मंदिर कमेटी अध्यक्ष हीरालाल ओझा ने समाजबंधुओं सहित सभी श्रद्धालुओं से नवरात्रि के दौरान आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है। आयोजकों ने कहा कि मां दधिमथी की आराधना एवं धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी बनकर सभी श्रद्धालु पुण्य एवं आशीर्वाद प्राप्त करें।