लाडपुरा में सड़क पर जमा हुआ कीचड़, ग्रामीणों ने ठेकेदार पर लापरवाही का लगाया आरोप
शिवलाल जांगिड़
लाडपुरा, स्मार्ट हलचल। ग्राम लाडपुरा में निर्माणाधीन सीसी सड़क कार्य के दौरान कथित लापरवाही सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण के दौरान कई घरों के पेयजल नल कनेक्शन क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन संबंधित ठेकेदार द्वारा उन्हें समय पर बंद या मरम्मत नहीं कराया गया। इसके चलते पूरी रात पेयजल सड़क पर बहता रहा और सड़क पर कीचड़ फैल गया।ग्रामीणों का कहना है कि लगातार पानी बहने से न केवल पेयजल की बर्बादी हुई, बल्कि सड़क पर कीचड़ जमा होने से लोगों को आने-जाने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने इसे निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही बताते हुए संबंधित विभाग और ठेकेदार के प्रति नाराजगी जताई।
ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की तत्काल मरम्मत कराई जाए, सड़क पर जमा कीचड़ हटाया जाए तथा भविष्य में निर्माण कार्य के दौरान इस प्रकार की लापरवाही न हो, इसके लिए संबंधित एजेंसी एवं ठेकेदार को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्यों का स्वागत है, लेकिन निर्माण के दौरान आमजन की मूलभूत सुविधाओं और पेयजल व्यवस्था को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है। उन्होंने संबंधित विभाग से मामले की जांच कर जिम्मेदारों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की मांग भी की।
