बिजली विभाग की लापरवाही से 13 वर्षीय किशोर करंट की चपेट में, ग्रामीणों में रोष

अजीम खान चिनायटा

सूरौठ, 2 अगस्त 2026। स्मार्ट हलचल|सूरौठ कस्बे के समीप स्थित ग्राम विजयपुरा में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के कारण एक 13 वर्षीय किशोर करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किशोर की पहचान गोलू पुत्र शिवकुमार जाटव निवासी विजयपुरा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।कांग्रेस के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता प्रकोष्ठ, राजस्थान प्रदेश सचिव रिंकू खेड़ी हैवत ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि जिस विद्युत लाइन के कारण यह हादसा हुआ, उसे हटाने अथवा सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग ग्रामीणों एवं परिजनों द्वारा कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से की जा चुकी थी। इसके बावजूद विभाग ने समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिसके परिणामस्वरूप यह गंभीर दुर्घटना सामने आई।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में आमजन, गरीब एवं मजदूर वर्ग लगातार समस्याओं का सामना कर रहा है। जनहित से जुड़े मामलों में समय पर कार्रवाई नहीं होने से लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। यदि शिकायतों पर समय रहते ध्यान दिया जाता, तो इस प्रकार की घटना टाली जा सकती थी।

रिंकू खेड़ी हैवत ने मांग की कि घायल किशोर के समुचित उपचार की व्यवस्था सरकार द्वारा कराई जाए, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवजा दिया जाए तथा घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही गांव में विद्युत लाइनों का तत्काल निरीक्षण कर उन्हें सुरक्षित बनाया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही उक्त समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन एवं बिजली विभाग की होगी।