कोटा जिले में 11 नए फार्मासिस्ट पद स्वीकृत, संघ ने जताया आभार

नए ड्रग डिस्ट्रीब्यूशन सेंटरों से सुदृढ़ होगी दवा वितरण व्यवस्था

कोटा।स्मार्ट हलचल|प्रदेश में 225 नए ड्रग डिस्ट्रीब्यूशन सेंटरों के साथ 225 फार्मासिस्ट (एल-10) के नए पद स्वीकृत किए गए हैं। इनमें कोटा जिले के लिए कुल 11 नए फार्मासिस्ट पद मंजूर किए गए हैं।राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ, एकीकृत जिला शाखा कोटा के जिलाध्यक्ष डॉ. महावीर प्रसाद खींची ने बताया कि स्वीकृत पदों में एमबीएस अस्पताल में 1, न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में 5, जिला चिकित्सालय रामपुरा में 3 तथा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, कोटा में 2 फार्मासिस्ट पद शामिल हैं।

नए पदों की स्वीकृति पर संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. महावीर प्रसाद खींची, संस्थापक महेश यादव, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष तिलक चंद शर्मा, गुलशन छाबड़ा, राजीव वर्मा, मुरारीलाल नागर, लोकेश चतुर्वेदी सहित कोटा जिले के सेवारत फार्मासिस्टों ने राज्य सरकार एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का आभार व्यक्त किया।

संघ पदाधिकारियों ने इसे फार्मासिस्ट संवर्ग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि नए ड्रग डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर शुरू होने से अस्पतालों में दवा वितरण व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी। इससे मरीजों को समय पर दवाइयां उपलब्ध कराने में सुविधा मिलेगी। साथ ही नए पदों के सृजन से फार्मासिस्टों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि बजट में घोषित 500 नए दवा वितरण केंद्रों को धरातल पर लागू करने की दिशा में 225 फार्मासिस्ट पदों की स्वीकृति एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शेष प्रस्तावित पदों एवं दवा वितरण केंद्रों की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी की जाएगी।