श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर सजेगा कथक और हवेली संगीत का रंगमंच


‘श्री वल्लभम् कथक समारोह’ में जीवंत होंगी श्रीकृष्ण की मनोहारी लीलाएं


कोटा। स्मार्ट हलचल|श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के पावन अवसर पर कोटा में भारतीय कला, संस्कृति, कथक और हवेली संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। मुखिया मदनलाल जोशी स्मृति संस्थान की ओर से 6 सितंबर को ‘श्री वल्लभम् कथक समारोह’ का आयोजन सायं 4.30 बजे से कैरियर पॉइंट ऑडिटोरियम, न्यू कोटा स्टेशन रोड, नंबर-1 में आयोजित होगा।संस्थान के अध्यक्ष दामोदर शांडिल्य ने बताया कि कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन रेडक्रॉस सोसायटी के स्टेट चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला ने किया। इस अवसर पर बिरला ने कहा कि भारतीय कला और संस्कृति हमारी अमूल्य धरोहर है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने के साथ ही प्रतिभावान कलाकारों को अपनी कला के प्रदर्शन का मंच प्रदान करते हैं।

संयोजिका बरखा जोशी ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे। श्री बड़े महाप्रभुजी मंदिर के श्री श्री 108 गोस्वामी विनय कुमार जी महाराज के आशीर्वचन तथा श्री श्री 108 गोस्वामी शरद कुमार जी महाराज की अध्यक्षता में समारोह आयोजित होगा।

स्वर्गीय हवेली संगीत मर्मज्ञ मुखिया मदनलाल जोशी की पुण्य स्मृति में आयोजित समारोह में उनकी सुपौत्री, कथक गुरु एवं राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित कलाकार बरखा जोशी के शिष्यों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं को कथक नृत्य के माध्यम से साकार किया जाएगा।

समारोह में ख्यातनाम हवेली संगीतज्ञ भुवनेश कुमार शर्मा ‘श्याम जी शास्त्री’ का गायन विशेष आकर्षण रहेगा। साथ ही ख्यातनाम कलावंतों एवं कला के प्रति समर्पित कलाकारों का सम्मान भी किया जाएगा।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में रेडक्रॉस सोसायटी के स्टेट चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला, विधायक संदीप शर्मा, विधायक कल्पना देवी, कैरियर पॉइंट के निदेशक प्रो. ओम माहेश्वरी, नई दिल्ली के कथक गुरु पंडित राजेंद्र गंगानी सहित शहर के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहेंगे।
बरखा जोशी ने बताया कि लीलापुरुषोत्तम भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित कथक प्रस्तुतियां कला एवं संस्कृति प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।।