‘ऑपरेशन रक्षा’ के तहत चला विशेष अभियान, होटल-रेस्टोरेंट व सार्वजनिक स्थलों पर हुई सघन चेकिंग

बालश्रम, बाल भिक्षावृत्ति, मानव तस्करी, बाल विवाह और नशामुक्ति को लेकर लोगों को किया गया जागरूक

 

लखीमपुर खीरी।स्मार्ट हलचल|जनपद में बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सोमवार को ‘ऑपरेशन रक्षा’ के तहत व्यापक जनजागरूकता एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान होटल, रेस्टोरेंट, स्पा सेंटर, मसाज पार्लर और ब्यूटी पार्लरों की जांच की गई, जबकि रेलवे स्टेशन, बस स्टॉप सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को बालश्रम, बाल भिक्षावृत्ति, मानव तस्करी, बाल विवाह और नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया।

महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, लखनऊ के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक खीरी के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी)/नोडल अधिकारी के निर्देशन में थाना एएचटी की संयुक्त टीम ने कोतवाली सदर क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान उपनिरीक्षक राम अवतार (प्रभारी थाना एएचटी), मुख्य आरक्षी राजेश कुमार, महिला आरक्षी मुक्त त्रिवेदी, बाल कल्याण समिति के सदस्य राम शरण सिंह तथा चाइल्ड लाइन प्रभारी श्रीमती अंजुम परवीन मौजूद रहीं।

अभियान के तहत विभिन्न प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई। पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान किसी भी स्थान पर कोई अवांछनीय गतिविधि नहीं पाई गई। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टॉप और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को बालश्रम, बाल भिक्षावृत्ति, मानव तस्करी, बाल विवाह की रोकथाम तथा नशामुक्ति के संबंध में जागरूक किया गया।

पुलिस टीम ने आमजन को आपातकालीन एवं सहायता संबंधी 1930, 112, 108, 1098, 181, 102 और 1090 जैसे हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी और अपील की कि बच्चों एवं महिलाओं से जुड़े किसी भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।