छत पर बैठाकर ढोई जा रहीं सवारियां, हर सफर बना जानलेवा; कार्रवाई नहीं होने से बढ़ी चिंता
ईशानगर खीरी।स्मार्ट हलचल|हसनपुर कटौली क्षेत्र में यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। क्षेत्र में कई ऑटो चालक क्षमता से कहीं अधिक सवारियां बैठाकर वाहन चला रहे हैं। इतना ही नहीं, यात्रियों को ऑटो की छत पर बैठाकर सफर कराया जा रहा है, जिससे हर दिन लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मुख्य मार्गों पर ऐसे ओवरलोड ऑटो दिनभर फर्राटा भरते देखे जा सकते हैं। बावजूद इसके, परिवहन विभाग और स्थानीय पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण चालकों के हौसले बुलंद हैं। नियमों की अनदेखी का यह सिलसिला लगातार जारी है।
यात्रियों का कहना है कि छत पर बैठकर सफर करने वाले लोग पूरी तरह असुरक्षित रहते हैं। अचानक ब्रेक लगने, वाहन के असंतुलित होने या किसी दुर्घटना की स्थिति में गंभीर हादसा और जनहानि की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद कुछ चालक अधिक कमाई के लालच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोडिंग करने वाले ऑटो चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस लापरवाही पर अंकुश नहीं लगाया गया तो कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।
