बारिश बनी आफत: जलभराव से डूबा नृसिंह बासनी का वार्ड नंबर 9, आंगनबाड़ी केंद्र में घुसा पानी

हाईवे अथॉरिटी की अधूरी निकासी व्यवस्था पर उठे सवाल, दो फीट पानी में घिरे घर, बीमारियों और हादसों का बढ़ा खतरा

रियांबड़ी।स्मार्ट हलचल|क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश ने ग्राम पंचायत नृसिंह बासनी के वार्ड नंबर 9 के लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। वार्ड में करीब दो फीट तक पानी भर जाने से पूरा इलाका जलमग्न हो गया है। सड़कों, गलियों और घरों के बाहर पानी जमा होने से लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सबसे चिंताजनक स्थिति स्थानीय आंगनबाड़ी केंद्र की है, जहां बारिश का पानी अंदर तक भर गया। इसके चलते बच्चों की सुरक्षा, पोषण कार्यक्रम और नियमित गतिविधियां प्रभावित हो गई हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या प्राकृतिक बारिश से ज्यादा प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है। उनका आरोप है कि हाईवे अथॉरिटी ने सड़क निर्माण के दौरान नाले तो बनाए, लेकिन वर्षा जल की निकासी के लिए पर्याप्त और वैज्ञानिक व्यवस्था नहीं की। परिणामस्वरूप बारिश का पानी आगे निकलने के बजाय वार्ड की ओर वापस लौट रहा है और पूरा मोहल्ला जलभराव की चपेट में आ गया है।
जलभराव के कारण लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है। कई स्थानों पर सड़क और नाली का अंतर खत्म हो जाने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बदबूदार पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने लगा है, जिससे मलेरिया, डेंगू और डायरिया जैसी बीमारियों के फैलने की आशंका भी गहरा गई है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पानी के बीच खड़े बिजली के खंभों के कारण हर समय करंट फैलने का डर बना रहता है। यदि जल्द पानी की निकासी नहीं कराई गई तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
वार्डवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल मौके का निरीक्षण कर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने, आंगनबाड़ी केंद्र को सुरक्षित कराने तथा हाईवे निर्माण में बरती गई लापरवाही की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बरसात में यही स्थिति बनती है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

*इनका कहना है:-*
वार्ड नंबर 9 में पानी निकासी के लिए नाला निर्माण का प्रस्ताव ले लिया गया है जल्द ही पंचायत स्तर पर वार्ड नंबर 9 में नाला निर्माण करवाया जाएगा
प्रशासक दौलत राम रावल