मादा तेंदुए के हमले में दो ग्रामीण घायल, जिला अस्पताल रेफर

शावकों से बिछड़ने के बाद हमलावर हुई मादा तेंदुआ, वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील

मैलानी खीरी।स्मार्ट हलचल|मैलानी रेंज के ग्राम पंचायत सलावत नगर अंतर्गत गांव नारंग में सोमवार को मादा तेंदुए के हमले में दो ग्रामीण घायल हो गए। दोनों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांकेगंज ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।जानकारी के अनुसार, गांव नारंग के खेतों में सोमवार को दो शावकों के साथ एक मादा तेंदुआ दिखाई दी। तेंदुए के दिखने की खबर फैलते ही खेतों में काम कर रहे लोगों ने शोर मचाया और देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों ग्रामीण जमा हो गए। ग्रामीणों ने हल्ला कर तेंदुए को खेतों से भगाने का प्रयास किया।इसी दौरान खेत में खीरा तोड़ रहे गौतम (34) पुत्र विश्वकर्मा पर मादा तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। हमले में गौतम के हाथों में पंजों से गंभीर चोटें आईं। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ उसे छोड़कर भाग गया। कुछ ही देर बाद पास के खेत में खीरा तोड़ रहे रामशरण पुत्र पल्टू पर भी तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गए।

घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी बांकेगंज भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

मौके पर पहुंचे मैलानी रेंज के रेंजर सुरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में कॉम्बिंग शुरू कर दी। जांच में पता चला कि मादा तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ थी। ग्रामीणों के शोर-शराबे के कारण मादा तेंदुआ अपने बच्चों से बिछड़ गई, जिसके चलते उसने आक्रामक होकर हमला किया। उन्होंने बताया कि दोनों घायलों को पंजों से चोटें आई हैं तथा वन विभाग लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रहा है। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि तेंदुआ दिखाई देने पर उसे घेरने या भगाने का प्रयास न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।