भीलवाड़ा, 12 अक्टूबर। स्मार्ट हलचल|पंचायत राज आम चुनाव-2026 के तहत भीलवाड़ा जिले में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के प्रथम चरण के निर्वाचन के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि मंगलवार, 13 अक्टूबर निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी दोपहर 3 बजे तक ही अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे। इसके बाद नामांकन पत्र और राजनीतिक दलों के चुनाव चिह्न से संबंधित प्रपत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने बताया कि जिला परिषद सदस्य पदों के लिए नामांकन पत्र कलेक्ट्रेट परिसर में जमा किए जा रहे हैं, जबकि पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नामांकन प्रस्तुत करने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नामांकन पत्र जमा कराने के साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा चुनाव चिह्न (सिंबल) संबंधी प्रपत्र प्रस्तुत करने की अंतिम समय-सीमा भी दोपहर 3 बजे तक है। निर्धारित समय के बाद किसी भी प्रकार का नामांकन पत्र या चुनाव चिह्न से संबंधित प्रपत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अभ्यर्थियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।