नगर निकाय, पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को लेकर सांसद हरीश चन्द्र मीना ने ली देवली-उनियारा में संगठनात्मक बैठकें

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत कर चुनावी मैदान में उतरेंगे: सांसद हरीश चन्द्र मीना

टोंक/भरत देवड़वाल।
स्मार्ट हलचल|आगामी नगरपालिका एवं पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों को लेकर टोंक-सवाई माधोपुर सांसद हरीश चन्द्र मीना ने बुधवार वार को देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र के उनियारा एवं देवली में संगठनात्मक बैठकें कीं।उनियारा स्थित अग्रवाल धर्मशाला में ब्लॉक अलीगढ़-उनियारा के तथा देवली स्थित कांग्रेस कार्यालय में ब्लॉक देवली के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ सांसद ने विस्तार से चर्चा की।बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और स्थानीय स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन हुआ।

*संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आपसी समन्वय पर ही निर्भर है- सांसद हरीश मीणा*

इस अवसर पर सांसद हरीश चन्द्र मीना ने कहा कि “कांग्रेस संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आपसी समन्वय पर ही निर्भर है। आगामी चुनावों के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ जुटे।”

उन्होंने कहा कि जनता से निरंतर संवाद, स्थानीय मुद्दों को मजबूती से उठाना और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी ही संगठन को और मजबूत बनाएगी। सांसद ने कार्यकर्ताओं की समस्याओं एवं सुझावों को भी गंभीरता से सुना और आवश्यक स्तर पर समाधान का आश्वासन दिया।

सांसद महोदय ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पूरी ऊर्जा के साथ चुनावी तैयारियों में लगने का आह्वान किया।

बैठकों में बड़ी संख्या में ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारी, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।