फूलिया कलां की जनसमस्याओं को लेकर छात्र नेता शिवराज आचार्य भूख हड़ताल पर बैठे

 

डॉक्टर, शिक्षक, पेयजल, स्कूल भवन और अवैध खनन पर कार्रवाई की उठाई मांग
रिपोर्टर सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|फूलिया कलां में कस्बे की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर छात्र नेता शिवराज आचार्य बुधवार को दिनेश माली, लाला राम रावण सहित हॉस्पिटल के बाहर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए। भूख हड़ताल के माध्यम से उन्होंने प्रशासन का ध्यान लंबे समय से लंबित समस्याओं की ओर आकर्षित करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
शिवराज आचार्य ने कहा कि फूलिया कलां क्षेत्र के लोग लंबे समय से स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं, लेकिन संबंधित विभागों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
भूख हड़ताल के दौरान उन्होंने पांच प्रमुख मांगें रखीं। इनमें फूलिया कलां राजकीय अस्पताल में रिक्त पड़े डॉक्टरों के पदों पर तत्काल नियुक्ति, श्री कल्याण राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में रिक्त अध्यापकों के पद भरना, वार्ड संख्या 15 स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में विद्यार्थियों के बैठने के लिए अतिरिक्त कक्षों का निर्माण, पूरे कस्बे में व्याप्त पेयजल संकट का स्थायी समाधान, तथा क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाकर सख्त कार्रवाई करना शामिल है।भूख हड़ताल की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर छात्र नेता के आंदोलन का समर्थन किया। आंदोलन को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। अब लोगों की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं कि वह इन जनहित के मुद्दों पर कब तक ठोस कदम उठाता है।