(पंकज पोरवाल)
कांग्रेस के 31 में से 30 सदस्यों ने किया मतदान, भाजपा प्रत्याशी अविनाश जीनगर को मिले 15 वोट, एक वोट को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|जिला परिषद की राजनीति में जिला प्रमुख पद पर जीत के बाद कांग्रेस ने उप जिला प्रमुख की कुर्सी भी अपने नाम कर ली। गुरुवार को हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता देवी कौशिक ने भाजपा के अविनाश जीनगर को 15 मतों के अंतर से शिकस्त देकर उप जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया। सुनीता कौशिक को 30 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी अविनाश जीनगर के खाते में 15 वोट आए। हालांकि, मतदान के दौरान क्रॉस वोटिंग के संकेतों ने सियासी समीकरणों को भी चर्चा में ला दिया। उप जिला प्रमुख पद के चुनाव को लेकर गुरुवार सुबह से ही जिला कलेक्ट्रेट परिसर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई थीं। चुनाव प्रक्रिया को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास पुलिस का कड़ा बंदोबस्त किया गया था। मतगणना के बाद जारी परिणाम में सुनीता कौशिक को उप जिला प्रमुख पद पर विजयी घोषित किया गया। मतदान के बाद हुई मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता कौशिक को 30 मत मिले। कांग्रेस के निर्वाचित 31 सदस्यों में से 30 ने उनके पक्ष में मतदान किया। वहीं भाजपा प्रत्याशी अविनाश जीनगर को 15 वोट मिले। परिणाम सामने आते ही क्रॉस वोटिंग को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। सुनीता कौशिक की जीत के साथ ही जिला परिषद में उप जिला प्रमुख पद पर कांग्रेस का कब्जा हो गया। जीत की घोषणा के बाद कांग्रेस समर्थकों में उत्साह छा गया और समर्थकों ने खुशी जताई।