भीलवाड़ा/रायला। रानीखेड़ा क्षेत्र के जंगल/खेतों में एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही शम्भूगढ़ व रायला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पहचान 30 वर्षीय मंजू देवी पत्नी सुखदेव रेगर, निवासी दौलतपुरा की ढाणी (थाना शम्भूगढ़) के रूप में हुई है, जिसकी गुमशुदगी पहले से दर्ज थी।
शम्भूगढ़ थाना प्रभारी रोहिताश ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 जुलाई को सुखदेव रेगर ने रिपोर्ट दी थी कि उसकी पत्नी 9 जुलाई को अस्पताल से घर जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की थी।
उन्होंने बताया कि बीती रात पुलिस को सूचना मिली कि खेतों में एक महिला का शव पड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर रायला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया गया। साथ ही परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मंजू देवी के रूप में की।
पुलिस ने शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
वहीं बनेड़ा-शाहपुरा क्षेत्र के विधायक प्रत्याशी नरेंद्र कुमार रैगर ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यदि यह हत्या का मामला है तो आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
