जिला परिषद दौसा में व्यक्तिशः उपस्थित होकर निर्धारित प्रारूप में करना होगा आवेदन, जिला कलक्टर लेंगे अंतिम निर्णय
(अमर चन्द बैरवा)
दौसा|स्मार्ट हलचल|पंचायती राज आम चुनाव-2026 में सरपंच पद का चुनाव लड़ने के इच्छुक ग्राम पंचायतों में नियुक्त वर्तमान प्रशासकों को त्यागपत्र देने के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होगा। ऐसे प्रशासकों को चुनाव की अधिसूचना जारी होने की तिथि से कम से कम सात दिन पहले त्यागपत्र के लिए आवेदन प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिरदी चंद गंगवाल ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौम्या झा ने प्रशासकों के त्यागपत्र संबंधी आवेदन प्राप्त करने के लिए अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद दौसा को अधिकृत किया है। चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रशासक कार्यालय दिवसों में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जिला परिषद दौसा में व्यक्तिशः उपस्थित होकर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि त्यागपत्र के लिए जिला स्तर पर आवेदन का निर्धारित प्रारूप तय किया गया है। आवेदकों को प्रारूप में मांगी गई सभी आवश्यक जानकारियां भरकर ही आवेदन जमा कराना होगा। निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्राप्त आवेदनों पर अंतिम निर्णय जिला कलक्टर द्वारा लिया जाएगा।
पंचायती राज चुनाव में सरपंच पद के लिए दावेदारी करने वाले वर्तमान पंचायत प्रशासकों को निर्धारित समय-सीमा और आवेदन प्रक्रिया का विशेष ध्यान रखना होगा, ताकि चुनाव लड़ने की तैयारी के दौरान किसी प्रकार की प्रक्रियागत परेशानी नहीं आए।