दशकों से अटकी परियोजनाओं का समाधान, राजस्थान को मिलेगा पर्याप्त पानी

अनिल कुमार खींची

ग्रामीण विकास का रोडमैप तैयार, गांवों में खेल मैदान और अटल ज्ञान केंद्रों का होगा विकास

स्मार्ट हलचल  ब्यावर/जैतारण। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को जैतारण में आयोजित सेवा संवाद कार्यक्रम एवं सेवा संकल्प यात्रा अभियान को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान की दशकों से अटकी परियोजनाओं का समाधान हुआ है। प्रदेश की पानी की जरूरत पूरी करने के लिए रामजल सेतु, यमुना जल समझौता, नर्मदा समझौता और किशाऊ बहुद्देश्यीय बांध परियोजना जैसे महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय समझौते हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रामीण विकास के लिए सुनियोजित रोडमैप तैयार किया है। इसके तहत गांवों में खेल मैदान से लेकर अटल ज्ञान केंद्र तक विकसित किए जाएंगे। अटल ज्ञान केंद्रों में ई-लर्निंग की सुविधा मिलने से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी और उनके उज्ज्वल भविष्य की राह मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में युवा, महिला, किसान और मजदूरों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। राजस्थान विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश में बिजली की उपलब्धता बढ़ी है और अब अन्य राज्यों को भी बिजली दी जा रही है। रोडवेज और डेयरी जैसे उपक्रम भी लाभ की स्थिति में हैं। किसानों को गेहूं की एमएसपी पर 150 रुपये प्रति क्विंटल अतिरिक्त बोनस दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत अभियान और एक पेड़ मां के नाम जैसे अभियानों ने देश में सामाजिक बदलाव की दिशा मजबूत की है। राजस्थान में भी हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पांच वर्षों में 50 करोड़ पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चैक एवं ट्राई साइकिल वितरित की। उन्होंने परिसर में पौधारोपण किया तथा पावन धाम परिसर में जैन संत रूपमुनि जी महाराज सा. एवं मिश्रीमल जी महाराज सा. के समाधि स्थल पर नमन किया।

कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, विधायक शोभा चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।