साहूकार जैन हत्याकांड: बागोर पुलिस ने आरोपी नारायण सरगरा को किया गिरफ्तार, मुनीम रोशन के साथ मिलकर रची थी साजिश

भीलवाड़ा । (लक्की शर्मा)।बागोर। कटारिया खेड़ा कुएं में मिले साहूकार शोभालाल जैन के सनसनीखेज हत्याकांड में बागोर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी नारायण सरगरा पिता बाबूलाल सरगरा निवासी अरसीपुरा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को उदयपुर से दस्तयाब किया गया। गिरफ्तारी के दौरान भागने का प्रयास करते समय सीढ़ियों से गिरने से उसके दाहिने पैर में चोट भी आई है । पुलिस जांच में सामने आया कि नारायण सरगरा मध्यप्रदेश में आइसक्रीम व पानीपुरी का ठेला लगाता है और 10 जुलाई को भीलवाड़ा आया था। वह शराब पीने का आदी है। इसी दौरान उसकी मुलाकात मृतक के मुनीम रोशन से हुई। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी और बातचीत में रोशन ने नारायण को बताया कि सेठ शोभालाल के पास खातों में लाखों रुपए रहते हैं।
लोभ में आकर दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। रोशन ने नारायण को लालच दिया कि हत्या के बाद वह उसे 10 लाख रुपए देगा। 16 तारीख को दोनों ने सांवरिया सेठ जाते समय भी हत्या का प्रयास किया, लेकिन उस दिन सेठ के साथ मदनलाल होने के कारण योजना टल गई। इसके बाद दोनों आरोपी लगातार मौका तलाशते रहे और आखिरकार उन्होंने शोभालाल जैन की हत्या कर दी। हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को सीमेंट के पोल से बांधकर कटारिया खेड़ा स्थित कुएं में फेंक दिया, ताकि शव ऊपर नहीं आ सके। इस मामले में बागोर थानाधिकारी बच्छराज चौधरी ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी नारायण सरगरा को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई में DST पुलिस टीम व साइबर टीम का भी विशेष सहयोग रहा। पुलिस अब सह आरोपी रोशन की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहराई से जांच जारी है।