पूछताछ में खुला एक और राज, कबाड़ी की दुकान से चुराया 35 किलो तांबा भी पुलिस ने किया बरामद
जहाजपुर (स्मार्ट हलचल/अलकेश पारीक)
क्षेत्र के खाटू श्याम मंदिर में हुई चोरी की वारदात का जहाजपुर पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। चोरी का अनोखा तरीका देखकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए। शातिर आरोपी ने पहले श्रद्धालु बनकर मंदिर में भगवान को प्रसाद चढ़ाया और माथा टेका, फिर मौका पाते ही दानपात्र में रखी नकदी साफ कर फरार हो गया।
दानपात्र से नकदी पार करने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
थानाधिकारी दयाराम चौधरी ने बताया कि खाटू श्याम मंदिर समिति की ओर से मंदिर के दानपात्र से नकदी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और अहम सुराग जुटाते हुए आरोपी सुरेश कालबेलिया को धर दबोचा। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने मंदिर में चोरी की वारदात कबूल कर ली।
‘पूछताछ में खुला 35 किलो तांबा चोरी का राज’
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी से जुड़ी एक और चोरी की वारदात का पर्दाफाश हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी जिस सतू कबाड़ी के यहां अक्सर कबाड़ बेचने जाता था, मौका पाकर उसी की दुकान से करीब 35 किलो तांबा चुरा ले गया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया तांबा भी सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है।
श्रद्धालु बनकर आया, फिर डाला दानपात्र पर डाका
मामले में सबसे चौंकाने वाली बात आरोपी की कार्यशैली रही। पहले श्रद्धालु की तरह मंदिर पहुंचकर भगवान के सामने माथा टेकना और प्रसाद चढ़ाना, फिर भक्ति का ढोंग रचकर दानपात्र से रकम चुराना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है। मंदिर चोरी के साथ कबाड़ी के यहां हुई दूसरी वारदात का खुलासा कर तांबा बरामद करने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
