जयपुर, 2 अगस्त।स्मार्ट हलचल|संसद परिसर में भगवान मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम एवं साधु-संतों के कथित अपमान के विरोध में रविवार शाम सनातन सुरक्षा दल के तत्वावधान में मानसरोवर स्थित सिटी पार्क मुख्य गेट पर विशाल एवं शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया।प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सनातन धर्म प्रेमी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं आम नागरिक शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने भगवान श्रीराम के सम्मान में अपने विचार व्यक्त करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराया।
संगठन ने बताया कि संसद लोकतंत्र का मंदिर है, लेकिन बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक बात है कि राजनीति के चक्कर में विपक्ष मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ चुका है। संसद परिसर में जिस तरह से पवित्र भगवा वस्त्र और साधु-संतों के भेष का इस्तेमाल करके एक नाटक रचा गया, वो सीधे तौर पर प्रभु श्री राम और करोड़ों सनातनी हिंदुओं की आस्था पर चोट है। राजनीतिक विरोध जताने के सैकड़ों तरीके हैं, लेकिन अपनी सियासत चमकाने के लिए हमारे पूज्य संतों की छवि को इस तरह धूमिल करना और सनातन धर्म के प्रतीकों का मजाक उड़ाना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
देश का हिंदू समाज और तमाम हिंदू संगठन इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। हमारी मांग बहुत साफ है—इस नाटक में शामिल राहुल गांधी, पप्पू यादव और बाकी सभी सांसदों को पूरे देश के सामने, हिंदू समाज से बिना शर्त माफी मांगनी होगी। इसके साथ ही, हम लोकसभा अध्यक्ष जी से भी अपील करते हैं कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले इन सांसदों पर तुरंत सख्त से सख्त कानूनी और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। जब तक न्याय नहीं होगा, तब तक पूरे देश में इसी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।”
प्रदर्शन के दौरान सभी प्रतिभागियों ने अनुशासन बनाए रखा तथा कानून व्यवस्था का पालन किया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सनातन सुरक्षा दल ने प्रदर्शन में शामिल सभी का आभार व्यक्त करते हुए समाज में एकता, सद्भाव एवं सनातन संस्कृति के सम्मान के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
