सादुलपुर-राजगढ़ थाना परिसर में सरपंच प्रत्याशियों की बैठक, आचार संहिता की पालना के निर्देश

​सादुलपुर, (बजरंग आचार्य ) :

स्मार्ट हलचल|आगामी पंचायती राज आम चुनाव 2026 के मद्देनजर गुरुवार, 29 अक्टूबर को सादुलपुर-राजगढ़ थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। शाम 5:00 बजे आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रिछपाल सिंह चारण (आरपीएस) एवं थानाधिकारी राजेश कुमार सिहाग ने संयुक्त रूप से की। बैठक का मुख्य उद्देश्य चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता की सख्ती से पालना सुनिश्चित करना था, जिसमें सभी सरपंच प्रत्याशी उम्मीदवारों ने भाग लिया।
​अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रिछपाल सिंह चारण ने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि सभी प्रत्याशी चुनाव आयोग के नियमों का पूर्ण पालन करें। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष माध्यम से मतदाताओं को प्रलोभन देकर प्रभावित करने का प्रयास न करे। इसके अलावा, चुनाव प्रचार के दौरान किसी भी प्रकार के अवैध वाहनों के उपयोग या शक्ति प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
​थानाधिकारी राजेश कुमार सिहाग ने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। प्रशासन ने सभी से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।
इस मौके पर कांस्टेबल कर्मपाल के अलावा थाना स्टाफ एवं सरपंच प्रत्याशी उम्मीदवार मौजूद रहे।