‘एजेंसियां काबू में, भाजपा ने लगा रखी है वाशिंग मशीन’

(आदित्य कश्यप)

टोंक|जयपुर।स्मार्ट हलचल|राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने शनिवार को जयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से मुखातिब होते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसदों के भाजपा में शामिल होने, राजस्थान में बिगड़ती कानून व्यवस्था और कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति सहित विभिन्न मुद्दों पर गहलोत ने बेबाकी से अपनी राय रखी।

‘एजेंसियां काबू में, भाजपा ने लगा रखी है वाशिंग मशीन’

AAP सांसदों के भाजपा में विलय के सवाल पर गहलोत ने कहा कि भाजपा अपनी हरकतों से बाज नहीं आएगी। पूरा देश देख रहा है कि ये लगातार डेमोक्रेसी की हत्या कर रहे हैं। सभी केंद्रीय एजेंसियां इनके काबू में हैं। गहलोत ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ने एक ‘वाशिंग मशीन’ लगा रखी है, जिसमें जाते ही सब बिल्कुल ठीक हो जाते हैं और उनके खिलाफ कोई केस नहीं रहता। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी विधायकों की हॉर्स ट्रेडिंग में कोई कमी नहीं छोड़ी।

‘भजनलाल चाहते हैं मैं सचिन पायलट का नाम लूं’

राजस्थान की राजनीति पर बोलते हुए गहलोत ने कहा, “मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मदन राठौड़ बार-बार हमारे ऊपर बोलते हैं। वो चाहते हैं कि मैं सचिन पायलट का नाम लूं कि लोग मानेसर गए थे। वो चाहते हैं कि मैं नाम लूं और हमारी लड़ाई शुरू हो जाए।” गहलोत ने कहा कि भाजपा के कुकृत्यों के कारण ही हमें 34 दिन तक होटल में रहना पड़ा था। हम तो एकजुट हैं।

कानून व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल

राजस्थान विधानसभा, हाईकोर्ट और खुद मुख्यमंत्री को मिल रही बम से उड़ाने की धमकियों पर चिंता जताते हुए पूर्व सीएम ने कहा, “मुख्यमंत्री किसी एक पार्टी के नहीं, हम सबके हैं। 6 महीने में आरोपी पकड़े नहीं गए। आज के हाईटेक जमाने में भी इनका न पकड़ा जाना समझ से परे है। क्या राजस्थान में शासन या राज नाम की कोई चीज बची है?”

वहीं, कांग्रेस की रणनीति पर गहलोत ने स्वीकार किया कि मेवाड़ के साथ-साथ मारवाड़ में भी कांग्रेस कमजोर हुई है, इसलिए अब पार्टी इन क्षेत्रों पर विशेष फोकस कर रही है।