स्मार्ट मीटर व बढ़े बिजली बिलों के विरोध में काछोला में प्रदर्शन

उपभोक्ताओं ने तहसील कार्यालय के बाहर नारेबाजी कर सौंपा ज्ञापन, मनमानी रोकने की मांग

काछोला 12 जून। स्मार्ट हलचल।काछोला कस्बे में स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शुक्रवर को ग्रामीणों ने विद्युत वितरण कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए तहसील कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और तहसीलदार कैलाश चंद्र मीणा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्या समाधान की मांग की।
खेराड किसान महापंचायत के प्रवक्ता डॉ. एनके सोनी, अमित सिंह सोलंकी सहित उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली के बिल कई गुना बढ़ गए हैं, जिससे गरीब एवं आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक भार बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान भी लापरवाही बरती जा रही है और ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा बिना जानकारी दिए पुराने मीटर हटाकर नए मीटर लगाए जा रहे हैं।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाने वाले कर्मचारियों के पास न तो पहचान पत्र होता है और न ही विभागीय दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाती है। इस कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस मामले को लेकर उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग मांडलगढ़ के एईएन लेखराज जांगिड़ को भी शिकायत की, लेकिन समाधान नहीं होने पर तहसील कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बढ़े हुए बिजली बिलों और प्रीपेड मीटर प्रणाली का विरोध करते हुए कहा कि बिल राशि उनकी आर्थिक क्षमता से बाहर है।
प्रदर्शन के दौरान राजेंद्र सिंह सोलंकी, विजय राज सोनी, अमित सिंह, भेरूलाल, दिनेश आचार्य, मोहित गगरानी, कमलेश आचार्य, श्यामलाल धाकड़, एडवोकेट कुलदीप धाकड़ सहित कई महिला-पुरुष मौजूद रहे।
इनका कहना
“काछोला कस्बे में स्मार्ट मीटर और अधिक बिल राशि की समस्या को लेकर उपभोक्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया है। संबंधित विभाग को अवगत कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।”
कैलाश चंद्र मीणा, तहसीलदार काछोला