* पैवेलियन ग्राउंड में खिताब की जंग तेज, सुपर लीग में हॉकी का रोमांच चरम पर,
* श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, अलवर और भीलवाड़ा ने जीत से किया आगाज,
* अंडर-17 हॉकी में हर गोल के लिए संघर्ष, खिताब पर कब्जे को टीमें लगा रहीं एड़ी-चोटी का जोर,
* सोमवार को सुपर लीग के आठ मुकाबलों में फिर भिड़ेंगी शीर्ष टीमे
शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल|शहर में इन दिनों हॉकी का रोमांच सिर चढ़कर बोल रहा है। गलियों से लेकर खेल मैदान तक युवा हॉकी के मुकाबलों की चर्चा करते नजर आ रहे हैं। मदरलैंड सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-17 हॉकी प्रतियोगिता अब खिताबी दौर की ओर बढ़ रही है। रविवार को सआदत पैवेलियन ग्राउंड पर सुपर लीग के मुकाबले शुरू होते ही मैदान पर रोमांच और संघर्ष दोनों देखने को मिले। प्रतियोगिता के संयोजक कमलेश सिंगोदिया ने बताया कि सुपर लीग के पहले राउंड में प्रदेश की शीर्ष टीमों के बीच जोरदार मुकाबले हुए। खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी और कई मुकाबले अंतिम क्षणों तक रोमांचक बने रहे।
*श्रीगंगानगर ने जयपुर को 3-2 से हराया*
सुपर लीग के पहले मुकाबले में श्रीगंगानगर ने हॉकी एकेडमी जयपुर को 3-2 से हराकर जीत दर्ज की। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आक्रामक हॉकी का प्रदर्शन किया और मुकाबले में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
*हनुमानगढ़ ने बीकानेर को 6-0 से दी करारी शिकस्त*
दूसरे मुकाबले में हनुमानगढ़ ने शार्दुल स्पोर्ट्स स्कूल बीकानेर पर एकतरफा अंदाज में 6-0 से जीत दर्ज की। हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों ने शुरू से ही दबाव बनाए रखा और शानदार गोल करते हुए मुकाबला अपने नाम किया।
*अलवर और भीलवाड़ा ने 1-0 से मारी बाजी*
तीसरे मुकाबले में अलवर ने मेजबान टोंक को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 1-0 से हराया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन रक्षात्मक खेल दिखाया, लेकिन अलवर निर्णायक गोल करने में सफल रहा। वहीं चौथे मुकाबले में भीलवाड़ा ने नागौर को कड़े संघर्ष के बाद 1-0 से शिकस्त दी। दोनों टीमों के बीच पूरे मैच में कांटे की टक्कर देखने को मिली।
*सोमवार को होंगे सुपर लीग के आठ मुकाबले*
सुपर लीग के अगले दौर में सोमवार को प्रातःकालीन सत्र में श्रीगंगानगर बनाम शार्दुल स्पोर्ट्स स्कूल बीकानेर, हॉकी एकेडमी जयपुर बनाम हनुमानगढ़, नागौर बनाम टोंक तथा अलवर बनाम भीलवाड़ा के बीच मुकाबले खेले जाएंगे। वहीं सांयकालीन सत्र में श्रीगंगानगर बनाम हनुमानगढ़, हॉकी एकेडमी जयपुर बनाम शार्दुल स्पोर्ट्स स्कूल बीकानेर तथा अलवर बनाम नागौर के मुकाबले होंगे। अंतिम मुकाबले में टोंक की टीम भी सुपर लीग में अपना अगला मुकाबला खेलेगी। सुपर लीग के मुकाबलों के साथ अब प्रतियोगिता का रोमांच और बढ़ गया है। खिताब की दौड़ में शामिल टीमें प्रत्येक मुकाबले को निर्णायक मानकर मैदान में उतर रही हैं।