चित्तौड़गढ़ में राज्य स्तरीय अंडर–20 फुटबॉल प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए,टीम को मिला सम्मान

निंबाहेड़ा 18 अप्रैल,2026

स्मार्ट हलचल|पेच एरिया में यहां स्थित जिला फुटबॉल संघ चित्तौड़गढ़ के मुख्यालय पर शुक्रवार शाम को एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें राज्य स्तरीय अंडर–20 फुटबॉल प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन टीम का सम्मान किया गया। जिला फुटबॉल संघ चित्तौड़गढ़ के अध्यक्ष पूरण आंजना ने आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर चित्तौड़गढ़ ज़िला फुटबॉल संघ सचिव फैसल खान,मोहम्मद शकील मंसूरी (शारीरिक शिक्षक, चित्तौड़गढ़), धर्मेंद्र सिंह तंवर (संयुक्त सचिव, जिला फुटबॉल संघ चित्तौड़गढ़), शाहिद हुसैन मंसूरी (संतोष ट्रॉफी खिलाड़ी एवं डी लाइसेंस कोच), वसीम खान (संरक्षक, मॉर्निंग फुटबॉल क्लब चित्तौड़गढ़), रिजवान मंसूरी, अरशद खान, मोहम्मद मोइन मंसूरी तथा अजय प्रजापत सहित अन्य सदस्यों को उपर्णा ओढ़ाकर एवं मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। सभी ने इस उपलब्धि को टीम वर्क और समर्पण का परिणाम बताया।

पहली बार मिली थी बड़ी जिम्मेदारी
ज्ञातव्य है कि ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन द्वारा राज्य स्तरीय अंडर–20 फुटबॉल प्रतियोगिता के आयोजन का निर्देश राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन को प्राप्त हुआ था। राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन ने पहली बार इस महत्वपूर्ण आयोजन की जिम्मेदारी जिला फुटबॉल संघ चित्तौड़गढ़ को सौंपी थी।

टीम ने निभाई जिम्मेदारी, मिली सराहना
जिला फुटबॉल संघ अध्यक्ष पूरण आंजना के निर्देशन में संघ की पूरी आयोजन टीम ने अथक परिश्रम और बेहतर समन्वय के साथ प्रतियोगिता का सफल आयोजन संपन्न कराया। आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं, खेल संचालन और अनुशासन की व्यापक स्तर पर सराहना की गई।

इस सफल आयोजन से चित्तौड़गढ़ जिले की खेल गतिविधियों को नई पहचान मिली है। साथ ही पूरे राजस्थान के खेलप्रेमियों में इस प्रतियोगिता को लेकर उत्साह और प्रशंसा का माहौल देखने को मिला।