1.46 करोड़ की ठगी का आरोप,महिला ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
जमीन का सौदा कर राशि लेने के बाद रजिस्ट्री नहीं कराने का आरोप, धमकाने व जातिसूचक गालियां देने की भी शिकायत
रिपोर्टर सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|भीलवाड़ा जिले के फुलिया कलां थाना क्षेत्र की एक महिला ने चार लोगों के खिलाफ कथित धोखाधड़ी कर 1 करोड़ 46 लाख रुपए हड़पने, जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराने, सार्वजनिक रूप से अपमानित करने तथा धमकाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने 13 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा को लिखित शिकायत देकर मामले में जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा राशि बरामद कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता कन्या देवी पत्नी लक्ष्मीनारायण खटीक, निवासी कनेछनकलां,तहसील फुलिया कलां ने शिकायत में बताया कि आरोपी संख्या एक से चार उसके पति से परिचित थे। आरोप है कि आरोपियों ने विश्वास में लेकर जमीन के भूखंडों का सौदा किया और अलग-अलग समय पर बड़ी रकम प्राप्त की, लेकिन तय प्रक्रिया के अनुसार भूखंडों की रजिस्ट्री नहीं कराई।
शिकायत के अनुसार वर्ष 2019 में जमीन के सौदे को लेकर 90 लाख रुपए देने की बात सामने आई। इसके बाद शिकायतकर्ता के अनुसार अलग-अलग आरोपियों द्वारा कुल मिलाकर 1.46 करोड़ रुपए प्राप्त किए गए। आरोप है कि राशि लेने के बावजूद करीब छह वर्ष बीत जाने पर भी जमीन की पट्टा एवं रजिस्ट्री संबंधी कार्रवाई पूरी नहीं की गई।महिला ने आरोप लगाया कि जब उसने और उसके पति ने अपनी रकम वापस मांगी तो कथित रूप से आरोपियों ने टालमटोल की तथा अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि महिला को सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया और उसके पति को आत्महत्या के लिए उकसाने जैसी बातें कही गईं। महिला ने जातिसूचक गालियां देने का भी आरोप लगाया है।
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपियों द्वारा कथित रूप से यह कहा गया कि यदि पुलिस में शिकायत की गई तो उसके पति के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करवाकर जेल भिजवा दिया जाएगा। इससे परिवार भय और मानसिक दबाव में होने की बात भी शिकायतकर्ता ने कही है।
महिला ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई, कथित रूप से प्राप्त 1 करोड़ 46 लाख रुपए की राशि बरामद कर उसे सुपुर्द करने तथा परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
