नरेश कुरेडा
पीपलू।स्मार्ट हलचल|ग्राम सिसोला में पिछले तीन दिनों यानी 72 घंटे से लगातार बिजली बंद रहने से ग्रामीणों का सब्र आखिरकार टूट गया। बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने से परेशान ग्रामीण देर रात डारडा तुर्की फीडर पर पहुंच गए और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए।
बिजली बंद, पानी का संकट और उमस से बेहाल ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लगातार बिजली आपूर्ति ठप रहने से हालात बेहद खराब हो गए हैं। बिजली नहीं आने के कारण पेयजल संकट भी गहरा गया है, वहीं भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों का रात बिताना मुश्किल हो रहा है। बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश है।
देर रात फीडर पर पहुंचे दर्जनों ग्रामीण
रात के अंधेरे में ही बड़ी संख्या में ग्रामीण डारडा तुर्की फीडर पर जमा हो गए। उन्होंने धरने पर बैठकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द से जल्द बिजली सप्लाई शुरू करने की मांग की।
धरने पर देवलाल, प्रहलाद मीणा, राजाराम मीणा, धनेश मीणा, विनोद मीणा, विष्णु खंगार, मनीष मीणा, योगेश जाट और कालू स्वामी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
