सादुलपुर, (बजरंग आचार्य )-
स्मार्ट हलचल|डेम निर्माण से जुड़ी विभिन समस्याओं को लेकर तांबाखेड़ी में चल रहे किसानों के अनिश्चितकालीन धरने में पूर्व विधायक डॉ. कृष्णा पूनिया ने शिरकत की। किसानों के बीच पहुंचकर उन्होंने सरकार की नीयत और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
डॉ. पूनिया ने मांग की कि सरकार डेम की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) और समझौते के ज्ञापन (एमओए) को अविलंब सार्वजनिक करे, ताकि प्रभावित किसानों को पूरी और सटीक जानकारी मिल सके। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों को अंधेरे में रखकर गुमराह कर रही है।
उन्होंने कहा कि किसान अपनी जमीन से पीढ़ियों से भावनात्मक रूप से जुड़ा है। ऐसे में उनकी जमीन के बदले डीएलसी रेट का 25 गुना मुआवजा और उचित पुनर्वास सुनिश्चित किया जाना चाहिए। किसान परिवार से अपने जुड़ाव का हवाला देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों पर कोई अन्याय बर्दाश्त नहीं होगा और हक की यह लड़ाई निर्णायक मोड़ तक लड़ी जाएगी।
धरने में महिलाओं की विशाल भागीदारी को उन्होंने किसान आंदोलन के जनआंदोलन में बदलने का प्रमाण बताया और सभी से एकजुट रहने का आह्वान किया।
