कोटा में छिपा था कमला का चौथा आरोपी, पुलिस ने दबोचा!

महेन्द्र नागौरी

तीन जेल में, चौथा भी पुलिस के शिकंजे में! बुधवार देर रात भीमगंज थाना पुलिस की कार्रवाई, लंबे समय से फरारी काट रहा था कालू; अब पूछताछ में खुल सकते हैं हत्याकांड के कई राज
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|शहर के बहुचर्चित कमला देवी कांकरिया हत्याकांड में पुलिस ने फरार चल रहे चौथे आरोपी कालू को कोटा से हिरासत में लेकर बड़ी सफलता हासिल की है। वारदात के बाद से पुलिस की पकड़ से बचता फिर रहा आरोपी कोटा में छिपकर फरारी काट रहा था। बुधवार देर रात उसकी लोकेशन मिलने के बाद भीमगंज थाना पुलिस की टीम ने कोटा पहुंचकर उसे दबोच लिया। आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस टीम भीलवाड़ा के लिए रवाना हो गई।
इस गिरफ्तारी के साथ ही हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे चारों आरोपियों तक पुलिस की पहुंच हो गई है। इससे पहले मुख्य आरोपी रवि तपड़िया और उसके दो सहयोगियों हीरा सिंधी व आर्यन को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। तीनों आरोपियों से पूछताछ और अनुसंधान के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया था। वहीं, चौथा आरोपी कालू लगातार पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था। आखिरकार पुलिस ने कोटा में उसकी फरारी का ठिकाना तलाश कर उसे पकड़ लिया।
फरारी काटने के लिए चुना कोटा, पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार कालू लंबे समय से कोटा में छिपकर रह रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान उसके कोटा में होने की सूचना मिली। सूचना को गंभीरता से लेते हुए भीमगंज थाना पुलिस की टीम ने तत्काल कोटा पहुंचकर कार्रवाई की और उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से आरोपी की फरारी का सिलसिला थम गया।
अब चौथे आरोपी से उगलवाए जाएंगे राज
कालू की गिरफ्तारी के बाद पुलिस के सामने कई अहम सवाल हैं। वारदात में उसकी वास्तविक भूमिका क्या थी? मुख्य आरोपी रवि तपड़िया और अन्य सहयोगियों के साथ उसका संपर्क किस तरह था? वारदात से पहले और बाद में उसने क्या भूमिका निभाई? फरारी के दौरान उसे किसका संरक्षण या सहयोग मिला? पुलिस अब इन तमाम पहलुओं पर उससे पूछताछ करेगी।
तीन आरोपियों के बयानों से होगा आमना-सामना
पुलिस अब कालू से पूछताछ के दौरान पहले गिरफ्तार आरोपियों के बयानों और जुटाए गए साक्ष्यों से कड़ियां जोड़ने का प्रयास करेगी। जरूरत पड़ने पर आरोपियों के बयानों का आमना-सामना भी कराया जा सकता है, ताकि हत्याकांड की पूरी साजिश और घटनाक्रम की पुष्टि हो सके।
कमला देवी कांकरिया हत्याकांड ने शहर में सनसनी फैला दी थी। अब चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अनुसंधान एक अहम मोड़ पर पहुंच गया है। तीन आरोपी पहले ही जेल की सलाखों के पीछे हैं और चौथा पुलिस के शिकंजे में है। ऐसे में अब सबकी निगाहें पुलिस पूछताछ पर टिकी हैं। उम्मीद है कि कालू से पूछताछ में हत्याकांड से जुड़े कई अनसुलझे सवालों के जवाब सामने आएंगे।