नई दिल्ली।स्मार्ट हलचल|वैश्विक मंच पर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन करते हुए विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों और उच्चायोगों की ओर से इस वर्ष ‘दुर्गा पूजा और शारदीय नवरात्रि’ का त्योहार बेहद धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इन कार्यक्रमों ने न केवल प्रवासी भारतीयों को अपनी जड़ों से जोड़ा, बल्कि वैश्विक स्तर पर भारत की ‘सॉफ्ट पावर’ (सांस्कृतिक कूटनीति) को भी एक नई मजबूती दी।
श्रीलंका, बांग्लादेश, भूटान व म्यांमार जैसे भारत के पड़ोसी देशों के साथ ही रूस, इंडोनेशिया, आयरलैंड, ओमान और स्लोवाकिया जैसे देशों में स्थित भारतीय मिशनों ने आधिकारिक तौर पर और प्रवासियों के सहयोग से डांडिया, गरबा और विशेष प्रार्थनाओं का भव्य आयोजन किया।
श्रीलंका स्थित भारतीय उच्चायोग ने ‘एक्स’ पर लिखा कोलंबो में मां दुर्गा का स्वागत! ‘भारत कोलंबो एसोसिएशन’ द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा समारोह में, उच्चायुक्त संतोष झा ने भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ मिलकर पूरी श्रद्धा और धूमधाम से दुर्गा पूजा मनाई। श्रीलंका के प्रतिभाशाली कलाकारों ने दुर्गा पूजा की कथा को दर्शाते हुए मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। सभा को संबोधित करते हुए, उच्चायुक्त ने कहा कि दुर्गा पूजा जैसे सामुदायिक उत्सव भारत और श्रीलंका के लोगों को जोड़ने वाले एक सशक्त सांस्कृतिक सेतु का काम करते हैं।
भूटान स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पर लिखा दशहरा गाला नाइट के दौरान शानदार गायन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें भूटान के उभरते गायकों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेताओं का चयन तीन सदस्यीय जूरी द्वारा किया गया, जिसमें ‘नेहरू-वांगचुक सांस्कृतिक केंद्र’ के संगीत शिक्षक भी शामिल थे।
बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने ढाका विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ उत्सव की खुशियों में भाग लिया। वहीं दूसरी ओर इस साल भी म्यांमार के यांगून में 9 दिनों तक चलने वाला नवरात्रि उत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर आयोजित गरबा नृत्य ने सभी का मन मोह लिया।
रूस स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पर लिखा मॉस्को में आयोजित दुर्गा पूजा उत्सव में राजदूत विनय कुमार, दूतावास के कर्मचारी, भारतीय व्यापार जगत के प्रतिनिधि और भारतीय समुदाय के लोग शामिल हुए। इस अवसर पर मॉस्को में आईसीसीआर के कलाकारों ने आध्यात्मिक गीतों की प्रस्तुति दी।
(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)