सस्ते दामो में सोना व चांदी देने का झांसा देकर ठगी करने वाले आरोपियों पर बड़ा एक्शन, अवैध मकान पर चला प्रशासन का पीला पंजा

रामनगर कंजर कॉलोनी में ठगी प्रकरण में पुलिस प्रशासन एवं ग्राम पंचायत की संयुक्त कार्रवाई, सरकारी भूमि पर बने अवैध निर्माण किए ध्वस्त

बूंदी- स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा (IPS) के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत रामनगर कंजर कोलोनी बून्दी में सस्ते दामों में सोना-चांदी देने का झांसा देकर ठगी करने के प्रकरण में आरोपियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में जिला प्रशासन, ग्राम पंचायत एवं बून्दी पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से बड़ी कार्यवाही करते हुए रामनगर कंजर कॉलोनी में सरकारी भुमि पर अवैध रूप से निर्मित मकान को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया।

रामनगर कंजर कॉलोनी में काफी समय से सस्ते दामों में सोना-चांदी देने का झांसा देकर ठगी की घटना घटित हो रही है, जिससे क्षेत्र में भय एवं असुरक्षा का वातावरण उत्पन्न हो गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक बून्दी श्री अवनीश कुमार शर्मा (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बून्दी संजय सिंह चम्पावत एवं अनिल जोशी वृत्ताधिकारी वृत बून्दी के निकटतम पर्यवेक्षण में भंवर सिंह पु.नि. थानाधिकारी थाना सदर के नेतृत्व में त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना में शामिल 02 आरोपी चांदकिरण व नीरज कंजर को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कार RJ08 CC 0933 को जब्त कर नकली सोना व चांदी के बिस्किट व आभुषण बरामद किये गये , प्रकरण में मुख्य अभियुक्त दीपक कंजर घटना दिनांक से फरार चल रहा है ।

प्रकरण अनुसंधान के दौरान फरार चल रहे अभियुक्त दीपक कंजर की चल-अचल संपति का रिकॉर्ड प्राप्त किया गया तो , रिकॉर्ड के अनुसार दीपक कंजर द्वारा ग्राम पंचायत की सरकारी भुमि पर अवैध कब्जा कर रखा है। इस संबंध में पंचायत द्वारा कानूनी कार्यवाही करते हुए जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित किया गया। आज जिला प्रशासन, ग्राम पंचायत रामनगर एवं बून्दी पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार कार्यवाही करते हुए आरोपी दीपक कंजर के सरकारी भुमि पर बने अवैध मकान पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया। कार्यवाही के दौरान ग्राम पंचायत रामनगर का अमला, बून्दी पुलिस का पर्याप्त पुलिस बल तथा प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए ताकि कार्यवाही शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके। इस कार्यवाही से अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश गया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों तथा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों को प्रशासन द्वारा बक्शा नही जायेगा।

जिला पुलिस अधीक्षक श्री अवनीश कुमार शर्मा (IPS) ने कहा कि बून्दी पुलिस अपराधियों के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर कार्य कर रही है। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले, आमजन में भय का वातावरण पैदा करने वाले तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत एवं कठोर कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

बून्दी पुलिस आमजन से भी अपील करती है कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध गतिविधि, आपराधिक तत्वों की मौजूदगी अथवा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की जानकारी हो तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस अथवा संबंधित विभाग को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।