महेंद्र कुमार सैनी
स्मार्ट हलचल /नगर फोर्ट उनियारा शहर के टोंक रोड स्थित वार्ड नंबर 2 में रविवार देर रात चोरी की घटना सामने आई। अज्ञात चोरों ने एक मजदूर के घर के दरवाजे की कुंडी तोड़कर करीब 1.25 लाख रुपये के जेवरात, नकदी और घरेलू सामान चोरी कर लिया। घटना के समय परिवार घर में सो रहा था।
पीड़ित धनराज सैनी पुत्र हरदेव माली ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। रविवार रात परिवार घर में सोया हुआ था। देर रात अज्ञात चोर मुख्य दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुसे और कमरे में रखे दो बक्सों के ताले तोड़कर सामान बिखेर दिया।चोर घर से एक सोने का लॉकेट, सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायजेब, चांदी का सिक्का, बच्चे के चांदी के कड़ुले, एक चांदी की चेन, एक मोबाइल फोन, 5 हजार रुपये नकद, दो साड़ियां, दो साफे और अन्य सामान ले गए। पीड़ित के अनुसार कुल नुकसान लगभग 1 लाख 25 हजार रुपये है। चोर कमरे में लगा बिजली का बल्ब भी खोलकर ले गए।सुबह जागने पर सामान बिखरा मिला और बक्सों से जेवरात-नकदी गायब देख परिजनों को घटना का पता चला। सूचना पर उनियारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
