थलखुर्द में विधवा महिला के घर आधी रात घुसे चोर

बहू से चाकू की नोक पर सोने की रामनामी व टॉप्स लूटे, नकदी लेकर फरार, थानाधिकारी बालकिशन शर्मा की जागरूक पहल से रात में ही पुलिस पहुंची

काछोला, 20 अगस्त 2026

स्मार्ट हलचल|पुलिस थाना काछोला क्षेत्र के थलखुर्द गांव में 19-20 अगस्त की दरम्यानी रात करीब 1 से 2 बजे के बीच चोरों ने एक विधवा महिला के घर में घुसकर दुस्साहसिक चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर में सो रही महिला की पुत्रवधू को चाकू दिखाकर उसके गले में पहनी करीब 12 ग्राम सोने की रामनामी और कानों के सोने के टॉप्स लूट लिए। इसके बाद दूसरे कमरे से नकदी लेकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। जानकारी के अनुसार विधवा रूपा देवी गुर्जर के दोनों बेटे घटना के समय घर से बाहर थे। बड़ा बेटा देवकिशन गुर्जर ड्राइविंग का कार्य करता है। घर में रूपा देवी गुर्जर तथा उनकी पुत्रवधू प्रेम देवी गुर्जर अलग अलग कमरों में सो रही थीं। रात करीब 1 से 2 बजे के बीच चोर घर में घुसे और प्रेम देवी गुर्जर के कमरे में पहुंच गए बताया गया कि चोरों ने उनका मुंह बंद कर दिया और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए गले में पहनी करीब 12 ग्राम सोने की रामनामी तथा कानों के सोने के टॉप्स उतरवा लिए। इसके बाद चोर रूपा देवी गुर्जर के कमरे में पहुंचे और वहां रखी नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के दौरान प्रेम देवी गुर्जर के रोने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण जाग गए और मदद के लिए मौके की ओर दौड़े, लेकिन ग्रामीणों के पहुंचने से पहले ही चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और चिंता का माहौल बन गया।

थानाधिकारी की जागरूक पहल, रात में ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना करीब रात 3 बजे पुलिस थाना काछोला को दी गई। सूचना मिलते ही थानाधिकारी बालकिशन शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस जाब्ते को मौके पर रवाना किया और स्वयं भी करीब 3:30 बजे घटनास्थल पर पहुंच गए। थानाधिकारी बालकिशन शर्मा ने मौके का निरीक्षण किया तथा पीड़ित परिवार से पूरी घटना की जानकारी ली। उन्होंने घटनास्थल से संभावित सुराग जुटाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए और आसपास के क्षेत्र में चोरों की तलाश शुरू करवाई। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार को भरोसा मिला कि घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई है।

मौके पर ही दर्ज की रिपोर्ट, जांच शुरू

थानाधिकारी बालकिशन शर्मा ने पीड़ित रूपा देवी गुर्जर एवं प्रेम देवी गुर्जर की रिपोर्ट मौके पर ही प्राप्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई एवं जांच शुरू करवाई। पुलिस द्वारा वारदात के संभावित रास्तों, आसपास के क्षेत्र तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए संभावित सुराग जुटाए जा रहे हैं। साथ ही लूटे गए आभूषण और नकदी की बरामदगी के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

जल्द खुलासे का भरोसा

थानाधिकारी बालकिशन शर्मा ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेकर जांच कर रही है और वारदात का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

आधी रात को एक घर में घुसकर महिला से चाकू की नोक पर आभूषण लूटने की घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लूटे गए आभूषण एवं नकदी बरामद की जाए तथा गांव एवं आसपास के क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।

त्वरित पुलिस कार्रवाई बनी राहत का संदेश

घटना की सूचना मिलते ही रात के समय थलखुर्द पहुंचकर पीड़ित परिवार की बात सुनना, घटनास्थल का निरीक्षण करना और तत्काल जांच शुरू करवाना थानाधिकारी बालकिशन शर्मा की जागरूकता एवं तत्परता को दर्शाता है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि पुलिस की सक्रियता से इस वारदात का जल्द खुलासा होगा और आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।