अलकेश पारीक
स्मार्ट हलचल|खेरूना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेरूना में शिक्षकों के रिक्त पद विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भारी पड़ रहे हैं। कक्षा 1 से 12 तक संचालित विद्यालय में 310 विद्यार्थियों के लिए वर्तमान में महज चार शिक्षक होने से शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। शिक्षकों की कमी को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में लंबे समय से कई पद रिक्त हैं। पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से विद्यार्थियों को कई विषयों की नियमित पढ़ाई का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ उनके भविष्य को लेकर अभिभावकों की चिंता भी बढ़ रही है।
तीन दिन में शिक्षक नहीं लगे तो होगी तालाबंदी
शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग को ज्ञापन सौंपकर तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित अवधि में विद्यालय में रिक्त पदों पर शिक्षक नियुक्त नहीं किए गए तो स्कूल में तालाबंदी कर आंदोलन शुरू किया जाएगा। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ किसी भी कीमत पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि विद्यार्थियों के हित को देखते हुए विद्यालय में रिक्त पदों को तत्काल भरा जाए, ताकि शिक्षण व्यवस्था सुचारू हो सके।
इस दौरान किशन गुर्जर, एसएमसी सदस्य बनवारी वर्मा, बाबूलाल मीणा, महाराम रेबारी, शंकर रैगर, दीपक कास्ट, कैलाश व्यास, कस्तूर चंद मीणा, देवलाल गुर्जर, फूलचंद कंजर सहित ग्रामीण मौजूद रहे।
