अवैध बजरी से भरा ट्रेलर जब्त, खनिज नियमों के तहत मामला दर्ज

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|जिले में अवैध खनन एवं बजरी के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना साकेत नगर ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने जीरो पुलिया के पास अवैध बजरी से भरे एक ट्रेलर को जब्त कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू की है।

वरिष्ठ अधिकारियों के सुपरविजन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उजैनिया एवं वृताधिकारी राजेश कसाना के निकटतम सुपरविजन में साकेत नगर थानाधिकारी सुरजीत ठोलिया के नेतृत्व में अंजाम दी गई।

बिना रवना/टीपी के परिवहन कर रहा था ट्रेलर
पुलिस टीम ने गश्त के दौरान जीरो पुलिया के पास संदिग्ध प्रतीत हो रहे एक ट्रेलर (नंबर RJ 01 GB 5867) को रोककर चेकिंग की। जांच में वाहन अवैध बजरी से भरा पाया गया। जब चालक से बजरी परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज (रवना/टीपी) मांगे गए, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका।

इसके बाद पुलिस ने तुरंत खनिज विभाग ब्यावर को सूचित किया, जिसके द्वारा बजरी से भरे ट्रेलर को जब्त कर लिया गया।

मामला दर्ज और सख्त चेतावनी
पुलिस ने इस संबंध में प्रकरण संख्या 274/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) BNS एवं 4/21 M.M.R.D. एक्ट के तहत अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कठोर और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
सुरजीत ठोलिया (पुलिस निरीक्षक / थानाधिकारी, साकेत नगर)

प्रकाशराम (सहायक उप-निरीक्षक)

रामचन्द्र (कांस्टेबल नं. 1847),रामफुल (कांस्टेबल नं. 2626),अशोक सिंह (कांस्टेबल नं. 2493)