उदयपुर 5 नवंबर
स्मार्ट हलचल|दीपावली के पावन पर्व के दृष्टिगत उदयपुर जिले के समस्त राजकीय विद्यालयों और कार्यालयों में एक स्वच्छ, सुरक्षित और स्वास्थ्यप्रद वातावरण निर्मित करने के लिए व्यापक स्तर पर सामूहिक साफ-सफाई तथा समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद् की राज्य परियोजना निदेशक एवं आयुक्त द्वारा जारी निर्देशों की पालना में उदयपुर जिले के अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक (समग्र शिक्षा) कुंज बिहारी भारद्वाज ने जिले के सभी ब्लॉक और संस्था प्रधानों को इस संबंध में पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
विद्यालयों की मूलभूत आवश्यकताओं और स्वच्छता पर फोकस
अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक कुंज बिहारी भारद्वाज ने बताया कि परिषद् कार्यालय द्वारा समग्र शिक्षा के अंतर्गत ‘कम्पोजिट स्कूल ग्रान्ट’ तथा ‘पीएमश्री योजना’ के तहत ‘वार्षिक विद्यालय ग्रान्ट’ की वित्तीय आहरण स्वीकृतियां पहले ही जारी की जा चुकी हैं। इस बजट का उपयोग विद्यालयों में नामांकन के आधार पर निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं वित्तीय नियमों के अनुरूप किया जाएगा। बजट की राशि से स्कूलों के कक्षा-कक्षों, शौचालयों, पेयजल स्थलों और आसपास के परिसर की गहन साफ-सफाई कराई जाएगी तथा आवश्यकतानुसार प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित होगी।
समयबद्ध और प्रभावी उपयोग के निर्देश
भारद्वाज ने स्पष्ट किया कि दीपावली के इस विशेष अभियान के तहत आवंटित बजट का समयबद्ध और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना अनिवार्य है। सभी संस्था प्रधानों को नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने और विद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं प्रकाशमय रूप में प्रस्तुत करने के लिए पाबंद किया गया है, जिससे छात्र-छात्राओं को एक सकारात्मक और स्वास्थ्यप्रद शैक्षिक वातावरण मिल सकें।