वाराणसी-दिल्ली के बीच दौड़ेगी वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस!

लग्जरी सुविधाएं और सुरक्षा फीचर जीतेंगे यात्रियों का दिल!

*(शीतल निर्भीक/नीरज पाण्डेय)*
लखनऊ/वाराणसी।स्मार्ट हलचल|पीएम मोदी की संसदीय क्षेत्र वाराणसी पूर्वांचल से देश की राजधानी दिल्ली तक सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। वाराणसी- नई दिल्ली के बीच अत्याधुनिक वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस शुरू करने की तैयारी है। इस ट्रेन में यात्रियों को लग्जरी सुविधाओं के साथ आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, 31 अक्टूबर को बनारस स्टेशन पर आयोजित समारोह में रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। रेल मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 27421/27422 वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन दोनों दिशाओं में संचालित होगी। वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन रात 8:50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:10 बजे राजधानी पहुंचेगी। करीब 760 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन का सफर रात में आरामदायक बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। रास्ते में ट्रेन प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव लेगी। ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव वाराणसी में और द्वितीयक अनुरक्षण नई दिल्ली में किया जाएगा। प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल में पानी भरने की व्यवस्था भी रहेगी। वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस में कुल 16 वातानुकूलित कोच होंगे, जिनमें 11 थर्ड एसी, चार सेकंड एसी और एक फर्स्ट एसी कोच शामिल होगा। इसमें एक साथ करीब 823 यात्री सफर कर सकेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए आरामदायक कुशन वाली बर्थ और आधुनिक सस्पेंशन प्रणाली लगाई गई है, जिससे यात्रा के दौरान झटकों और शोर को कम करने में मदद मिलेगी। ट्रेन को 180 किलोमीटर प्रति घंटे की डिजाइन गति के अनुरूप तैयार किया गया है, हालांकि वास्तविक परिचालन गति रेलवे के निर्धारित मानकों पर निर्भर करेगी। यात्रियों की सुरक्षा के लिए इसमें स्वदेशी कवच सुरक्षा प्रणाली, स्वचालित दरवाजे, सीलबंद वेस्टिब्यूल, आग का पता लगाने वाली प्रणाली और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। आपात स्थिति में यात्री टॉक-बैक सिस्टम के जरिए ट्रेन कर्मचारियों से संपर्क कर सकेंगे। इसके अलावा आधुनिक पेंट्री और स्वच्छता के लिए विशेष इंतजाम भी किए गए हैं। ट्रेन में खानपान की सुविधा मिलने से यात्रियों का सफर और सुविधाजनक होगा। 31 अक्टूबर को प्रस्तावित शुभारंभ के साथ वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस काशी और दिल्ली के बीच रेल यात्रा को नई पहचान देने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकती है। इससे व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। यात्रियों को यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक समय-सारिणी और परिचालन संबंधी अंतिम सूचना अवश्य जांचनी चाहिए।इस आशय की जानकारी मण्डल रेल प्रबन्धक लखनऊ के जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु राव ने मीडिया को दी।