बेहतर स्वास्थ्य एवं ईंधन संरक्षण में साइकिल अच्छा विकल्प – सांसद दामोदर अग्रवाल
भीलवाड़ा, 31 मई। जल संरक्षण, ईंधन बचत एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के अंतर्गत रविवार को भीलवाड़ा जिला प्रशासन, जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र एवं भीलवाड़ा साइकिल क्लब के संयुक्त तत्वावधान में विशाल साइकिल रैली एवं खिलाड़ियों की पैदल रैली का आयोजन किया गया।
भीलवाड़ा साइकिल क्लब प्रभारी अरुण संतोष मुछाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि रैली को सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी एवं जिला खेल अधिकारी हेमेंद्र सिंह राणावत ने हरी झंडी दिखाकर जिला कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई नगर निगम स्थित चित्रकूट धाम पर संपन्न हुई।
इस अवसर पर सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि वंदे गंगा अभियान केवल जल संरक्षण का अभियान नहीं, बल्कि देशहित से जुड़ा जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है तथा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पानी की एक-एक बूंद का सदुपयोग करे। उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य एवं ईंधन संरक्षण के लिए साइकिल को एक उत्कृष्ट विकल्प बताया।
विधायक अशोक कोठारी ने भी जल, ईंधन एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए स्वयं पूरी रैली में साइकिल चलाकर आमजन को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नियमित साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है।
रैली में भीलवाड़ा साइकिल क्लब के मदन खटोड़, राकेश सक्सेना, अरुण संतोष मुछाल, सुरेश बम्ब, दिनेश भट्ट, राजकुमार अजमेरा, मुकेश कुमावत, विजय कपूर, मुकेश सामरिया, अजीत जैन, रामचंद्र मूंदड़ा, डॉ. देवेंद्र पुरी गोस्वामी, डॉ. फरियाद मोहम्मद, सुरेंद्र छीपा, प्रशांत सिंह परमार, राकेश शर्मा, लीलाराम आडवाणी, सत्यनारायण राठी, सोम शर्मा, भेरूलाल सुवालका, गजानंद गुप्ता, अशोक राठी, प्रतीक ईनाणी, जनमेजयदेव सिंह खंगारोत, रतनलाल छीपा, मोहम्मद एजाज शेख, संपत पोरवाल सहित बड़ी संख्या में साइकिल प्रेमी शामिल हुए।
पैदल रैली में विभिन्न खेलों के खिलाड़ी, खेल प्रशिक्षक एवं खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला ओलंपिक संघ के लाजपत आचार्य, बास्केटबॉल प्रशिक्षक निशा राजपूत, टेबल टेनिस प्रशिक्षक गोपाल माली, बॉक्सिंग प्रशिक्षक राकेश धाकड़, एथलेटिक्स प्रशिक्षक धर्मपाल यादव सहित अनेक वरिष्ठ खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
रैली की विशेषता यह रही कि इसमें छोटे बच्चों से लेकर 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने “वंदे गंगा का संदेश, जल बचाए पूरा देश”, “जल बचाओ, पुण्य कमाओ”, “जीवन में साइकिल अपनाएं, जल और ईंधन दोनों बचाएं” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जल संरक्षण, ईंधन बचत एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के माध्यम से जल संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण सुरक्षा का प्रभावी संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
