बिजोलिया।स्मार्ट हलचल|सावन मास के पावन अवसर एवं नाग पंचमी के उपलक्ष्य में बिजोलिया क्षेत्र स्थित सीता कुंड महादेव में राव (मीणा) समाज की ओर से भगवान श्री सीता कुंड महादेव के चरणों में महा अभिषेक, हवन एवं भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के 14 गांवों से बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने भाग लेकर सामाजिक एकता एवं भाईचारे का परिचय दिया।कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान महादेव का महाभिषेक कर हवन में आहुतियां दीं। इसके बाद आयोजित भजन संध्या में सिंगर धनराज, लोकेश मोहनपुरा, आर्यन मानपुरा एवं सूरज बूंदी ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों पर उपस्थित समाजबंधु भक्तिरस में डूबे नजर आए और पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
आर्यन मानपुरा ने बताया कि इस आयोजन में समाज के 14 गांवों के लोगों ने एकजुट होकर अपनी सामाजिक एकता का परिचय दिया। कार्यक्रम में उपस्थित समाज के बुजुर्गों ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए समाज को एकजुट होकर नए विकास की दिशा में आगे बढ़ाने तथा नई कमेटी के गठन का निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में समाज के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही लंबे समय से रुके हुए धर्मशाला के निर्माण कार्य को पुनः गति देने एवं उसे आगे बढ़ाने का भी निर्णय लिया गया।
समाज के बुजुर्गों एवं युवाओं ने एकजुट होकर सामाजिक विकास, शिक्षा, संगठन और समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज की एकता और संगठन की भावना को भी मजबूत किया।
