शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा। स्मार्ट हलचल|स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल शाहपुरा के विद्यार्थियों ने 17 वर्षीय छात्र एवं छात्रा वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। रायला में आयोजित 17 वर्षीय छात्र वर्ग वॉलीबॉल प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्र टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। वहीं, भादवों की कोटड़ी में आयोजित 17 वर्षीय छात्रा वर्ग वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भी विद्यालय की छात्रा टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन कर उपविजेता स्थान हासिल किया।
मीडिया प्रभारी डॉ. परमेश्वर कुमावत ने बताया कि छात्र वर्ग टीम के प्रभारी लोकेश चौधरी तथा छात्रा वर्ग टीम की प्रभारी ललिता धाकड़ के निर्देशन में खिलाड़ियों ने अनुशासित एवं उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।
दोनों टीमों के उपविजेता बनने पर विद्यालय परिसर में खिलाड़ियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य राजेश कुमार धाकड़ ने खिलाड़ियों, टीम प्रभारियों एवं विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने खिलाड़ियों से भविष्य में भी इसी मेहनत और लगन के साथ खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
प्रकाश धोबी ने बताया कि विद्यालय परिवार ने दोनों टीमों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में राज्य स्तर पर चयनित विद्यार्थी
अन्वी कानावत – वॉलीबॉल (17 वर्ष छात्रा वर्ग), अदिति धाबाई – वॉलीबॉल (17 वर्ष छात्रा वर्ग), साहिल खान कायमखानी – वॉलीबॉल (17 वर्ष छात्र वर्ग), प्रत्यक्ष धाकड़ – वॉलीबॉल (17 वर्ष छात्र वर्ग), अविनाश कुमावत – बास्केटबॉल (17 वर्ष छात्र वर्ग), नैतिक कुमावत – टेबल टेनिस (19 वर्ष छात्र वर्ग), प्रिन्स खारोल – तैराकी, 200 मीटर बटरफ्लाई (14 वर्ष छात्र वर्ग), खुशी मुण्डेतिया – तैराकी, 200 मीटर फ्री स्टाइल (17 वर्ष छात्रा वर्ग)